मस्कासाथ में हुई 12 लाख की लूट मामले में बड़ा खुलासा

0
20

नागपूर दिनांक 8 एप्रिल ( महानगर प्रतिनिधी)

मस्कासाथ पुल के पास एक कबाड़ व्यवसायी के नौकर ने लूट का नाटक रचा और नकद 12 लाख 50 हजार रुपए हड़प लिए। लेकिन उसका यह नाटक ज्यादा देर तक नहीं चला। पुलिस ने जब फुटेज को आधार बनाकर पूछताछ की, तो उसने मां के इलाज के िलए घटना को अंजाम देने की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी।

पोलीस ने पूछताछ के बाद नौकर विपुल पराते (27) मेहंदीबाग रोड, हनुमान मंदिर, पांचपावली निवासी को शांति नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। किसी को शक न हो इसलिए विपुल ने खुद को ब्लेड से दो बार जख्मी तक किया था। शांति नगर पुलिस ने आरोपी को उपचार कराने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

विपुल पराते भारत माता चौक इतवारी में कबाड़ कारोबारी संकेत मुरकुटे, नंदनवन निवासी के कार्यालय में 8 माह से नौकरी कर रहा है। संकेत सरकारी कार्यालयों का कबाड़ खरीदने का ठेका लेता है।

गुरुवार की शाम को विपुल को संकेत ने नकद 12.50 लाख रुपए देकर घर पहुंचाने को कहा। विपुल दोपहिया पर रकम लेकर निकला। पश्चात संकेत को विपुल ने पेवठा, मस्कासाथ पुल से फोन किया कि, उसे 6-7 लुटेरों ने ब्लेड से जख्मी कर लूट लिया है। संकेत और कार्यालय के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर शांति नगर और क्राइम ब्रांच पुलिस की यूनिट-3 की टीम भी पहुंच गई। घायल विपुल को अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन जल्द ही क्राइम ब्रांच ने आरोपियों की खोज शुरू की, तो परिसर के फुटेज जांच में विपुल का सच बाहर आ गया। लूटपाट की कोई घटना नहीं हुई थी। उसने खुद को ब्लेड मारकर जख्मी किया था। पुलिस ने यह सच संकेत मुरकुटे दिखाया। पश्चात पुलिस ने विपुल को इस बात का एहसास तक नहीं होने दिया कि, सच पता चल गया है।

उपचार के बाद पुलिस ने उससे कड़ी पूछताछ की तो उसने बताया कि, मां के इलाज के लिए पैसे की लूट का नाटक किया। आरोपी विपुल कुछ दिनों से प्लानिंग में था। गुरुवार को मौका मिलते ही उसने घटना को अंजाम दिया।

आरोपी से 12 लाख 50 हजार नकद सहित 12 लाख 94 हजार रुपए का माल जब्त कर लिया है। इस घटना में और कौन शामिल है, इस दिशा में भी पुलिस जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here