भारत दिनांक 3 अप्रैल ( प्रतिनिधी)
देश के कई हिस्सों में बीती रात लोग तब दहशत में आ गए, जब उन्होंने असमान उड़ती हुई अज्ञात वस्तु देखी. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उत्तरी महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में शनिवार शाम आसमान में अज्ञात जलती हुई वस्तुएं के उड़ने और फिर जमीन पर गिरने की सूचना दी है.
विशेषज्ञों ने अनुमान लगाया कि ये या तो पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने वाले उल्कापिंड हो सकते हैं या रॉकेट बूस्टर के टुकड़े हो सकते हैं जो उपग्रह प्रक्षेपण के बाद गिर जाते हैं. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे चीनी रॉकेट के अवशेष होने का दावा किया गया है.
पूर्वी महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक स्थानीय सरकारी अधिकारी ने बताया कि सिंधेवाही तहसील के लाडबोरी गांव में शाम करीब पौने आठ बजे ‘‘एल्यूमिनियम और स्टील की एक वस्तु’’ गिरी. जबकि कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आसमान से गिरती जलती हुई इन अज्ञात वस्तुओं की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए.
इस तरह के दृश्य महाराष्ट्र के नागपूर,बुलढाणा, अकोला और जलगांव जिलों में शाम करीब साढ़े सात बजे और पड़ोसी मध्य प्रदेश के बड़वानी, भोपाल, इंदौर, बैतूल और धार जिलों में भी देखे गए.
जीवाजी वेधशाला के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि यह एक सामान्य घटना थी, जिसमें संभवतः उल्कापिंड शामिल थे. बड़वानी जिले के लोगों ने बताया कि उन्होंने कुछ चमकीली वस्तु को गिरते हुए देखा.






