भारत दिनांक 2 एप्रिल (प्रतिनिधी)
गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन (Indian Premier League 2022) में लगातार दूसरी जीत दर्ज की. सीजन का 10वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स (GT vs DC) के बीच खेला गया जिसमें हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम ने 14 रन से जीत दर्ज की.
पुणे के एमसीए स्टेडियम में इस मैच में गुजरात टाइटंस ने ओपनर शुभमन गिल (84) की शानदार पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 171 रन बनाए. दिल्ली टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी.
दिल्ली के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए. उन्होंने 29 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके जड़े. पंत और ललित यादव ने चौथे विकेट के लिए 61 रन भी जोड़े. ललित ने 22 गेंदों की अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाते हुए कुल 25 रन बनाए.
गुजरात के लिए लॉकी फर्ग्युसन ने कमाल का प्रदर्शन किया और 28 रन देकर 4 विकेट झटके. पेसर मोहम्मद शमी को 2 विकेट मिले जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या और स्पिनर राशिद खान ने 1-1 विकेट लिया.
मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीता और पहले फील्डिंग का फैसला किया. शुभमन गिल ने 46 गेंदों की अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के जड़े. उनके अलावा कप्तान हार्दिक पंड्या ने 27 गेंदों पर 4 चौके लगाते हुए 31 रन बनाए. दिल्ली के लिए पेसर मुस्ताफिजुर रहमान ने 23 रन देकर 3 विकेट झटके जबकि खलील अहमद को 2 विकेट मिले. चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने भी 1 विकेट लिया.
गुजरात का पहला विकेट 2 रन के टीम स्कोर पर गिरा, जब मैथ्यू वेड को मुस्ताफिजुर रहमान ने तीसरी ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया. उन्हें विकेट के पीछे ऋषभ पंत ने लपका. मैदानी अंपायर ने पहले नॉटआउट दिया लेकिन DRS लेने के कारण उन्हें फैसला बदलना पड़ा.
शुभमन गिल ने इसके बाद विजय शंकर के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े. विजय (13) को चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने मैच की अपनी पहली ही गेंद (पारी के 7वें ओवर) पर बोल्ड किया. शंकर ने 20 गेंदों पर 1 चौका लगाया. कप्तान हार्दिक पंड्या नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने के लिए आए.






