विदर्भ दिनांक 25 दिसंबर (प्रतिनिधि)
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुंबई प्रादेशिक केंद्र ने महाराष्ट्र में 27 दिसंबर से 29 दिसंबर तक बरसात होने की आशंका जताई है. रविवार (26 दिसंबर) से उत्तर पश्चिम भारत और 27 दिसंबर से मध्य भारत में ताजा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (WD) का असर दिखाई दे सकता है. इस वजह से महाराष्ट्र में 28-29 दिसंबर को कुछ जिलों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बरसात होने की अनुमान है. कुछ अन्य जिलों में बूंदा-बांदी हो सकती है.
इस संबंध में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
महाराष्ट्र में कहां-कहां होगी बरसात
राज्य में 28 दिसंबर को औरंगाबाद, जालना, जलगांव, परभणी, हिंगोली, यवतमाल, वर्धा, अमरावती, नागपुर, भंडारा और गोंदिया जिले के कई ठिकानों पर बरसात हो सकती है. बिजलियों की कडकड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा है. इससे एक दिन पहले यानी 27 दिसंबर को विदर्भ के कुछ ठिकानों पर हल्की बारिश हो सकती है.
29 दिसंबर को विदर्भ और मराठवाडा में बरसात होने का अनुमान
महाराष्ट्र में भी खास तौर से विदर्भ और मराठवाडा में 29 दिसंबर को बरसात होने का अनुमान है. विदर्भ में नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गढ़चिरोली, यवतमाल, नांदेड़, हिंगोली, परभणी और जालना जिले में बरसात हो सकती है.






