महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल जबरन वसूली (100 Crores Extortion Case) मामले में देशमुख की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है।
मायभूमि न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार एनसीपी (NCP) नेता इस दौरान मुंबई के आर्थर रोड जेल में रहेंगे। बता दें, इस मामले में अनिल देशमुख के वकील की तरफ से अब तक जमानत के लिए किसी भी प्रकार की याचिका दायर नहीं की गई है।
मुंबई के पूर्व सीपी परमबीर सिंह के 100 करोड़ जबरन वसूली केस की सीबीआई जांच के दौरान अनिल देशमुख का मामला सामने आया था। मार्च में पुलिस आयुक्त के पद से हटाए जाने के बाद परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि देशमुख ने सचिन वाजे को प्रदेश में बार और रेस्तरां से एक महीने में 100 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली करने को कहा था। हालांकि अनिल देशमुख ने इन आरोपों का खंडन किया था।






