नागपुर दिनांक 30 नवंबर (शहर प्रतिनिधि)
विदेश से आने वाले हवाई यात्रियों की स्क्रीनिंग के लिए विमानतल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात की गई है। पॉजिटिव मरीजों को इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन किया जा रहा है।
एम्स तथा मनपा के इंदिरा गांधी अस्पताल में मरीजों को क्वारेंटाइन में रखने की सुविधा उपलब्ध की गई है। स्वास्थ्य विभाग में अस्थायी कर्मचारी भर्ती पर फिलहाल रोक लगी हुई है। जब तक 50 प्रतिशत बेड कोविड मरीजों से नहीं भरते, तब तक नई भर्ती नहीं करने के मनपा को निर्देश मिले हैं।
काेविड का प्रसार रोकने के लिए पॉजिटिव मरीजों को इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन अनिवार्य किया गया है। खासकर विदेश से आने वाले हवाई यात्रियों पर ज्यादा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। गत दो महीने से मनपा ने विमानतल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात कर रखी है। स्क्रीनिंग में कोविड संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर कोविड टेस्ट की जाती है। िरपोर्ट पॉजिटिव आने पर सीधे इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन किया जा रहा है।
विधानमंडल के शीतसत्र के लिए आमदार निवास लोकनिर्माण विभाग द्वारा वापस लेने से क्वारेंटाइन सेंटर बंद कर दिया गया था। उसके बदले एम्स में क्वारेंटाइन सेंटर शुरू किया गया। शीतसत्र मुंबई में होने का सरकार द्वारा निर्णय लेने से फिर विधायक निवास क्वारेंटाइन सेंटर बनाया जाएगा। विधायक निवास क्वारेंटाइन सेंटर के लिए अधिगृहीत करने की प्रक्रिया आरंभ किए जाने की जानकारी मायभूमि न्यूज को मिली है






