भारत दिनांक 28 नवंबर (विशेष प्रतिनिधि)
प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्माण भारत योजना के लाभार्थी राजेश कुमार प्रजापति से बात करते हुए इसके फायदे पूछे तो प्रजापति ने कहा कि मुझे बहुत फायदा हुआ सर मैं आपको हमेशा सत्ता में देखना चाहता हूं। इसपर पीएम मोदी ने कहा कि मुझे सत्ता में जाने का आशीर्वाद मत दीजिए, मैं गरीबों की सेवा के लिए हूं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज भी सत्ता में नहीं हूं और भविष्य में भी सत्ता में जाना नहीं चाहता हूं। मैं सिर्फ सेवा में रहना चाहता हूं। मेरे लिए ये पद, सत्ता के लिए है ही नहीं, सेवा के लिए है।
पीएम मोदी ने कहा कि दिसम्बर महीने में ही एक और बड़ा दिन हमारे सामने आता है जिससे हम प्रेरणा लेते हैं। ये दिन है, छह दिसम्बर को बाबा साहब अम्बेडकर की पुण्यतिथि। बाबा साहब ने अपना पूरा जीवन देश और समाज के लिये अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिये समर्पित किया था।
पीएम मोदी ने कहा कि स्टार्टअप की दुनिया में आज भारत विश्व में एक प्रकार से नेतृत्व कर रहा है। साल दर साल स्टार्टअप को रिकॉर्ड निवेश मिल रहा है। ये क्षेत्र बहुत तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। देश के हर छोटे-छोटे शहर में भी स्टार्टअप की पहुंच बढ़ी है।
युवाओं से समृद्ध हर देश में तीन चीजें बहुत मायने रखती हैं। पहली चीज है – Ideas और Innovation , दूसरी है – जोखिम लेने का जज्बा, तीसरी है – Can Do Spirit, यानी किसी भी काम को पूरा करने की जिद्द। जब ये तीन चीजें आपस में मिलती हैं तो अभूतपूर्व परिणाम मिलते हैं।






