हिंगना नगर पंचायत में चुनाव के लिए प्रभाग रचना और आरक्षण घोषित किया गया। इसका सत्तापक्ष को फायदा होने की चर्चा है। घोषित प्रभाग रचना अनुसार पूर्व नगराध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सत्तापक्ष नेता को फिर से उसी प्रभाग में चुनाव लड़ना पड़ेगा, लेकिन विरोधी पक्ष नेता को आरक्षण की वजह से अपना प्रभाग बदलना पड़ सकता है।
तहसील कार्यालय में उपविभागीय अधिकारी इंदिरा चौधरी और नगर पंचायत के मुख्याधिकारी राहुल परिहार की मौजूदगी में आरक्षण प्रक्रिया की गई, जिसमें प्रभाग 1-नामाप्र (महिला), 2 सर्वसाधारण, 3 सर्वसाधारण (महिला), 4 नामाप्र (महिला), 5 सर्वसाधारण, 6 अनुसूचित जाति (महिला), 7 सर्वसाधारण, 8 अनुसूचित जमाति (महिला), 9 सर्वसाधारण, 10 सर्वसाधारण, 11 नामाप्र, 12 सर्वसाधारण (महिला), 13 सर्वसाधारण (महिला), 14 सर्वसाधारण (महिला), 15 नामाप्र, 16 सर्वसाधारण (महिला) और प्रभाग 17 अनुसूचित जमाति के अनुसार आरक्षण की घोषणा की गई है।
एक वर्ष पहले खत्म हो गया था कार्यकाल
उल्लेखनीय है कि एक वर्ष पहले जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल खत्म हो गया था। नप का कामकाज प्रशासक द्वारा संभाला जा रहा है। चुनाव का सभी राजकीय पक्ष इंतजार में थे। इस आरक्षण में पूर्व नगराध्यक्ष छाया भोसकर का प्रभाग 3 सर्वसाधारण महिला, पूर्व उपाध्यक्ष हेमलता देशमुख का प्रभाग 9 सर्वसाधारण और सत्तापक्ष नेता अजय बुधे का प्रभाग 10 सर्वसाधारण होने से इन्हें दोबारा मौका मिल रहा है। पूर्व विरोधी पक्ष नेता गुणवंत चामाटे के प्रभाग 14 सर्वसाधारण महिला के लिए आरक्षण होने से उन्हें दूसरे प्रभाग से लड़ना पड़ेगा।






