नागपुर दिनांक 3 नवंबर (शहर प्रतिनिधि)
रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के जारी कोरोना टेस्टिंग में एक 25 वर्षीय यात्री का एंटीजन टेस्ट पॉजिटिव पाया गया. इससे जांच सेंटर के पास मौजूद लोगों में थोड़ी देर के लिए दहशत सा माहौल हो गया.
उल्लेखनीय है कि स्टेशन पर जारी टेस्टिंग के 61 दिनों के बाद कोई यात्री कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है. उक्त यात्री ट्रेन 04063 गोंडवाना एक्सप्रेस से मथूरा जा रहा था. वह एमआईडीसी परिसर में रहता है.
ट्रेन में चढ़ने से पहले एंटीजन टेस्ट में वह पॉजिटिव पाया गया जिसके बाद उसे सफर से रोक दिया गया और आरटी-पीसीआर के लिए सैम्पल लेकर आइसोलेशन में भेज दिया गया. 2 महीने बाद एक बार फिर रेल यात्रियों में पॉजिटिव केस मिलने से मनपा के स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है.
गुरुवार से स्टेशन पर एक बार फिर कोरोना संक्रमण को लेकर जारी प्रशासनिक दिशानिर्देशों का पालन किये जाने की संभावना है. ज्ञात हो कि कोरेाना की दूसरी लहर के बाद से स्टेशन पर यात्रियों का एंटीजन टेस्ट और स्वैब सैम्पल लेना शुरू है. हालांकि बीच में टेस्टिंग रोक दी गई थी लेकिन त्योहारी सीजन में कोरोना संक्रमण पर निगरानी रखने के उद्देश्य से महानगर पालिका द्वारा इसे दोबारा शुरू किया गया.






