तीन दोस्तों को मौज मस्ती करना कुछ ज्यादा ही महंगा पड़ गया
कपिलनगर थानांतर्गत पहले कुछ युवकों ने रैश ड्राइविंग करते हुए डिवाइडर पर कार ठोक दी. फिर कार्रवाई करने पहुंचे पुलिसकर्मियों से गालीगलौज करते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया. आरोपियों के नाम कुशीनगर निवासी अंशुल हरीश सुंदरानी (22) और राहुल हरीश सुंदरानी (27) के अलावा क्वेटा कॉलोनी पारस नरेश छुटेजा (32) बताए गए. तीनों ही शराब के नशे में थे. पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12.20 बजे तीनों आरोपी कार (एमएच20/बीएन-3440) से कहीं जा रहे थे. बताया जा रहा है कि पारस कार चला रहा था. कार की स्पीड अधिक होने से तथागत चौक पर पारस ने सिग्नल के पोल को टक्कर मार दी. इससे उसका कार पर से नियंत्रण छूट और वह डिवाइडर से जा भिड़ी.
इसी बीच बीट मार्शल अमित सुरजोसे वहां से गुजर रहे थे. वे तुरंत कार के पास पहुंचे. हालांकि तीनों युवकों को कोई खास चोट नहीं आई थी लेकिन कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. ऐसे में बीट मार्शल अमित ने तीनों को पुलिस स्टेशन चलने का कहा. इस पर नशे में धुत तीनों युवक अमित से उलझ गए और गालीगलौज करने लगे. कुछ ही देर में एक और पुलिस टीम वहां पहुंची और तीनों को गिरफ्तार कर लिया. तीनों पर शासकीय काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. जांच जारी है.






