वाशिम/बुलढाना/अमरावती दिनांक 25 जुलाई ( प्रतिनिधी)
सस्ते दामों में सोना बेचने का झांसा देकर नकली सोना बेचने वाले चोर गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीण पुलिस की अपराध शाखा ने हिरासत में लिया है. आरोपी राजु उत्तम जाधव (40, जयपूर, कारंजा, वाशिम) है. आरोपी राजू ने अपने 5 साथियों के साथ मिलकर कई लोगों से जालसाजी करने की जानकारी सामने आयी है. पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है.
लोणी के एक व्यक्ति से ठगी
लोणी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति को आरोपियों ने संपर्क करके सस्ते दामों में सोना बेचने का झांसा देकर जालसाजी की. इस शख्स के साथ फायबर की लाठी से हमला करके उसके पास से 1 लाख 55 हजार कैश व 2 मोबाईल सहित 1 लाख 60 हजार रुपए का माल उड़ा लिया. आरोपी बाइक से फरार हो गए. लोणी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते ही आरोपियों की तलाश शुरु की.
24 घंटे में लगाया सूराग
एलसीबी व लोणी पुलिस ने रिकार्डधारियों की तस्वीरे दिखाकर तलाश शुरु की. इस दौरान एक रिकार्डधारी आरोपी की शिनाख्त हुई. जिसमें वाशिम जिले के राजु जाधव को हिरासत में लिया. जिसने पहले तो इधर उधर के जवाब दिये, पुलिस ने गहन पूछताछ करने पर सोना बेचने की कबूली दी.
50 हजार का माल जब्त
पुलिस ने आरोपी राजु जाधव के पास से 50 हजार रुपए की कैश जब्त की है. राजु जाधव रिकार्डधारी आरोपी है, जिसके खिलाफ कई मामले दर्ज है. नकली सोना बेचने के बहाने कई लोगों को ठगने की जानकारी सामने आयी है. पुलिस इस बारे में पूछताछ कर रही है.






