नागपूर दिनांक 10 जून ( प्रतिनिधी)
सैकड़ों जवानों की आंखों की जांच का झांसा देकर साइबर अपराधी ने एक डॉक्टर दंपति को चूना लगाया। आरोपी के खिलाफ बजाज नगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। साइबर टीम की मदद से प्रकरण को सुलझाने का प्रयास जारी है।
लिंक को शेयर करते ही खाते से रकम गायब
न्यू अंबाझरी ले-आउट निवासी शुभांगी सुधीर भावे (63) निजी अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ है। उन्हें साइबर अपराधी ने फर्जी नाम श्रीकांत शर्मा के रूप में फोन िकया। शुभांगी को श्रीकांत ने यह कहकर झांसा दिया कि वह सेना में है और सेना के लगभग 400 जवानों की आंखों की जांच करनी है। इसके लिए अनुमानित खर्च को लेकर दो-तीन बार उसने फोन किया था।
शुभांगी को झांसे में आता देखकर उसने एक लिंक भेजी। उस लिंक को शेयर करते ही शुभांगी और उसके पति डॉ. सुधीर भावे के खाते की पूरी गोपनीय जानकारी आरोपी के पास पहुंच गई। इससे उसने बारी-बारी से दोनों के खाते से 2 लाख रुपए निकाल लिए।
खाते से रकम निकालने का संदेश मोबाइल पर आते ही मामले की पुलिस और संबंधित बैंक में शिकायत की गई। इस संबंध में प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं िमला है। साइबर टीम की मदद से आरोपी की सरगर्मी से तलाश जारी है।






