नागपूर दिनांक 17 जुलाई ( शहर प्रतिनिधी)
पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए एक अपराधी ने आत्महत्या का प्रयास किया. कांच के टुकड़े से हाथ की नस और अपनी गर्दन पर वार किया. पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया. पकड़ा गया आरोपी बड़ा ताजबाग निवासी नौशाद उर्फ शक्तिमान असलम खान (39) बताया गया.
पुलिस दस्ते को जानकारी मिली कि एक चोर बड़ा ताजबाग परिसर में जमकर पैसे उड़ा रहा है. खबर मिलते ही टीम वहां पहुंची. पुलिस को देखते ही नौशाद ने जमीन पर पड़ा कांच का टुकड़ा उठाकर अपने हाथ की नस और गर्दन पर चीरे मारना शुरू कर दिया. जोर-जोर से चिल्लाने लगा.
पुलिस ने उसे काबू में किया और हाथ से कांच का टुकड़ा छुड़ाया. उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया. तलाशी लेने पर नौशाद के पास छोटी कैची और 69,500 रुपये नकद मिले. पूछताछ करने पर नौशाद ने हुड़केश्वर थानांतर्गत न्यू प्रेरणानगर निवासी अमोल दमके के घर में चोरी करने की कबूली दी.
हुड़केश्वर पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था. आगे की कार्रवाई के लिए उसे हुड़केश्वर पुलिस के सुपुर्द किया गया






