नागपूर दिनांक 17 जुलाई (महानगर प्रतिनिधी)
सोना बेचने के नाम पर एक व्यक्ति को 2.50 लाख रुपये का चूना लगाया गया. विश्वास के लिए पहले असली सोना दिया गया. जब बड़ी डील हुई तो आरोपी सोने की बजाय पीतल की माला देकर फरार हो गए.
यशोधरानगर पुलिस ने संघर्षनगर निवासी अब्दुल मजीज मोहम्मद हनीफ (38) की शिकायत पर मामला दर्ज किया. मजीज व्यवसाय करते हैं.
घटना के दिन अपने घर जा रहे थे. रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोका और बताया कि उसके पास पुराने चांदी के सिक्के हैं. वह सिक्के बेचना चाहता है. फिर उसने एक परिचित व्यक्ति के पास सोने के सिक्के होने की जानकारी दी और बताया कि वह कन्हान नदी के पास रहता है. चाहें तो कम दाम में सोना मिल सकता है. आरोपी ने मजीज को एक फोन नंबर भी दिया. उस नंबर पर दूसरे आरोपी से बात भी करवाई.
दूसरे आरोपी ने बताया कि उसके पास बड़े पैमाने पर चांदी और सोने के जेवरात हैं. दूसरे दिन मजीज ने आरोपी के नंबर पर संपर्क किया. आरोपी ने उन्हें एकतानगर परिसर में बुलाया. आरोपी ने अपनी थैली से एक डिब्बा निकाला और सोने की बड़ी चेन दिखाई. उन्हें बताया कि यह 12 से 13 लाख रुपये की चेन है. उसमें से 2 सोने के मनी निकालकर मजीज को दिए.
मजीज टीपू सुल्तान चौक पर स्थित एक ज्वेलर्स के पास गए. ज्वेलर ने 27,000 रुपये में 2 मनी खरीद लिए. इससे मजीज का विश्वास बढ़ गया.
मजीज ने आरोपी को फोन कर मिलने बुलाया. 2.50 लाख रुपये में डेढ़ किलो सोना खरीदकर खुश हो गए लेकिन जब बेचने के लिए सराफा व्यापारी के पास गए तो पता चला कि माला सोने की नहीं बल्कि पीतल की है. उन्होंने यशोधरानगर पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.






