नागपूर दिनांक 10 जुलाई ( महानगर प्रतिनिधी)
जिस बड़े अस्पताल (मेयो) में मच्छरों के काटने से बीमार उपचार करवाने जाते हैं, वहीं मच्छरों का प्रकोप ज्यादा है। यह दावा मलेरिया-फाइलेरिया विभाग ने किया है।
शहर भर में मच्छरों के प्रकोप वाले क्षेत्रों का सर्वे किया जा रहा है। इस आधार पर मेयो अस्पताल व ताज नगर झोपड़पट्टी में सर्वाधिक प्रकोप होने का पता चला है।
शहर में मच्छरों के कारण डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। अब तक 8 मरीज मिल चुके हैं।
किया जा रहा है सर्वे
शहर में एक महीने में डेंगू के 3 नए मरीज मिले हैं। इसी के साथ डेंगू के मरीजों की संख्या 8 हो गई है। जनवरी से मई अंत तक 5 मरीज पाए गए थे। शुक्रवार को 4058 घरों का सर्वे किया गया। मलेरिया-फाइलेरिया विभाग की अधिकारी डॉ. जास्मीन मुलाणी के अनुसार 111 घरों में और 158 कंटेनर्स व कूलर्स में डेंगू के लार्वा पाए गए हैं। 7 लोग बुखारग्रस्त मिले हैं।
दो बार दी गई सूचना :
मेयो प्रशासन को पिछले दस दिन में दो बार जलजमाव और सफाई को लेकर सूचना दी गई है। साथ ही जहां-जहां जल जमाव की स्थिति है, वहां सुधार करने को कहा गया है। इसके अलावा वार्डों के कूलर और प्रसाधन गृह की सफाई करने को कहा गया है।
हालांकि मेयो प्रशासन ने परिसर में नियमित सफाई होने का दावा किया है। मेयो की अधिष्ठाता डॉ. लीला गुल अभिचंदानी ने बताया कि वह स्वयं स्वच्छता निरीक्षक के साथ रोज वार्ड व मेयो परिसर का दौरा करती हैं।






