खापा पुलिस थाने की सीमा में कोच्छी-बड़ेगांव शिवार के एक खेत में दोपहर दौरान बिजली गिरने से खेत मालिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 2 मजदूर बुरी तरह घायल हुए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोच्छी निवासी ठकसेन पुंडलिक जांभुलकर (47) अपने खेत में मजदूर दिवाकर कचरू भंडारे (45) व मनोज शेषराव कराडे (52) दोनों कोच्छी निवासी के साथ फसलों पर कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था। इस बीच अचानक बिजली कड़की और हल्की बारिश होने लगी। बचने के लिए सभी ने खेत में ही एक पेड़ की पनाह ली।
अचानक बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए। खेत मालिक ठकसेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दोनों खेत मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने मजदूरों को ग्रामीण आरोग्य प्रशिक्षण केन्द्र, सावनेर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जीएमसी नागपुर रेफर किया गया। थानेदार अजय मानकर के मार्गदर्शन में एचसी प्रमोद बंसोड़ मामले की जांच कर रहे हैं।






