कांग्रेस (Congress) की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने 28 दिसंबर को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार पर हमला बोलते हुए सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि देश की गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने के प्रयास किए जा रहे हैं और इस पर कांग्रेस चुप नहीं रहेगी और भारत की विरासत को नष्ट नहीं करने देगी.
कांग्रेस एक आंदोलन है: सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने कहा, “इतिहास को झुठलाया जा रहा है, गंगा-जमुनी संस्कृति की हमारी विरासत को मिटाने के प्रयास हो रहे हैं. इससे देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है और डर रहा है. लोकतंत्र और संविधान को दरकिनार कर तानाशाही चलाई जा रही है. ऐसे समय में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती.”
सोनिया गांधी ने कांग्रेस को “एक आंदोलन न कि एक राजनीतिक दल” करार देते हुए कहा, “मुझे ये बताने की जरूरत नहीं है कि किन परिस्थितियों में कांग्रेस का गठन किया गया था. जिन लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लिया, वे इसका महत्व कभी नहीं समझ सकते हैं. कांग्रेस और उसके सभी नेताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में उत्साह के साथ भाग लिया, संघर्ष किया, जेलों में गंभीर यातनाओं का सामना किया और कई देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब कहीं हमें आजादी मिली.”
कांग्रेस ने राजधानी दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में पार्टी का 137वां स्थापना दिवस मनाया. इस समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.






