लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की शादी पक्की हो गई है। तेजस्वी यादव की कल दिल्ली में सगाई होगी। इस सगाई समारोह में लालू यादव समेत पूरा परिवार मौजूद रहेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पारिवारिक कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में किया जा रहा है। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की सगाई को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं।
अभी तक इस बात को गुप्त रखा गया है कि तेजस्वी यादव की सगाई किससे होने वाली है और कौन तेजस्वी यादव की दुल्हनिया बनने जा रही हैं। बताया जा रहा है कि सगाई में सिर्फ 50 खास रिश्तेदार शामिल होंगे।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव की शादी को लेकर पिछले कई दिनों से कयास लग रहे थे लेकिन उन्होंने इशारों में ही इस बात का इशारा किया था कि 2020 के चुनाव के बाद और पिता को जमानत मिलने के बाद ही वो जीवन की नई पारी की शुरूआत करेंगे।
बता दें कि अभी लालू का पूरा परिवार दिल्ली में है. दोनों भाई तेजस्वी यादव और तेज प्रताप भी दिल्ली में हैं. राबड़ी देवी और मीसा भारती भी हैं. सूत्रों की मानें तो जिस लड़की से तेजस्वी यादव की सगाई होने वाली है वो उनकी पहले से दोस्त रही है. यह भी कहा जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं.






