महाराष्ट्र दिनांक 1 दिसंबर( प्रतिनिधि)
कोरोनावायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) के मामले बढ़ने से पूरी दुनिया में हड़कंप मचा हुआ है। इस वेरिएंट को फैलने से रोकने के लिए अब महाराष्ट्र सरकार ने अहम फैसला लिया है। महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने कहा है कि दूसरे राज्यों से महाराष्ट्र में एंट्री करने वाले लोग या तो पूरी तरह वैक्सिनेटेड हों या RT-PCR की रिपोर्ट हो।
महाराष्ट्र सरकार ने जारी आदेश में कहा है कि महाराष्ट्र में किसी भी राज्य से आने वाले लोगों को पूरी तरह से वैक्सीन लगी होनी चाहिए या फिर RT-PCR रिपोर्ट होनी चाहिए। आदेश में कहा गया है कि इस कदम को डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से (with immediate effect) लागू किया जा रहा है। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस का नया वेरिएंट ओमीक्रोन के सामने आने के बाद पुरी दुनिया में इसकी चिंता बढ़ गई है।
घरेलू यात्रियों को महाराष्ट्र में आने के लिए पूरी तरह से वैक्सीन लगी होनी चाहिए या फिर RT-PCR रिपोर्ट होना जरूरी है। यह रिपोर्ट यात्रा करने के 48 घंटे पहले पुरानी होनी चाहिए। यानी यात्रा करने के 48 घंटे पहले टेस्ट कराना जरूरी है। RT-PCR रिपोर्ट नेगेटिव होना चाहिए तभी महाराष्ट्र में प्रवेश कर सकेंगे।






