महाराष्ट्र दिनांक 23 नवंबर( विशेष प्रतिनिधि)
कोरोनारोधी वैक्सीनेशन को लेकर महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे (Rajesh Tope) ने आज (23 नवंबर, मंगलवार) एक अहम बयान दिया. उन्होंने कहा कि कोविड के खतरे को देखते हुए छोटे बच्चों का वैक्सीनेशन (Vaccination of children) तत्काल शुरू किए जाने की ज़रूरत है.
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके वरिष्ठ नागरिकों को भी बूस्टर डोज दिए जाने की ज़रूरत है. वे यह भी कह रहे थे कि उन्होंंने इस बारे में अपनी चिंता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) के सामने भी दोहराई है.
राज्य में कोविड की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. कोरोना की दूसरी लहर का असर काफी कम हो गया है. औसत कोरोना संक्रमितों की संख्या रोज़ 600 से कम है. इसके बावजूद कोरोना की तीसरी लहर का डर बना हुआ है. इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आज वैक्सीनेशन को लेकर कोई बड़ा कदम उठाए जाने का स्पष्ट संकेत दिया. स्वास्थ्य मंत्री का ज्यादा जोर बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के वैक्सीनेशन पर है.
राज्य में स्कूल खुले हुए अभी 20 दिन ही हुए हैं. लेकिन इस बीच आपस में संपर्क बढ़ने की वजह से 11 से 18 साल की उम्र के 1 हजार 711 बच्चों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं.
हालांकि इन बच्चों में कोरोना के सौम्य लक्षण पाए गए हैं. लेकिन ये स्प्रेडर का काम कर सकते हैं. इस वजह से सतर्कता और सावधानी बरतनी जरूरी है. साथ ही बच्चों का वैक्सीनेशन तेज गति से किया जाना जरूरी है. राजेश टोपे ने कहा कि राज्य के टास्क फोर्स के विशेषज्ञों की भी यही राय है.






