जापान की कारमेकर कंपनी सुजुकी ने अर्टिगा का FF Sport मॉडल लॉन्च किया है। नए वर्जन में इस एमपीवी को नया स्पोर्टी लुक देने की कोशिश की गई है। एक्सटीरियर में नए ग्रिल से लेकर अलॉय व्हील तक बदले गए हैं। इंटीरियर में भी कई शानदार फीचर्स देखने को मिलते हैं। नए वेरिएंट को इंडोनेशिया में उतारा गया है। फिलहाल इसके भारत में आने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
ऐसे हैं नई Ertiga के फीचर्स
एक्सटीरियर की बात करें तो Ertiga FF Sport के फ्रंट में बिल्कुल नया हनीकॉम्ब मेश ग्रिल, स्पोर्टी बंपर, L-शेप्ड DRL और ड्यूल टोन अलॉय व्हील देखने को मिलते हैं। इंटीरियर में वुड इंसर्ट के साथ एक ऑल ब्लैक डैशबोर्ड और रेड स्टिचिंग के साथ ब्लैक अपहोल्स्ट्री दी गई है। इसमें 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, स्टार्ट-स्टॉप बटन के साथ कीलेस एंट्री, स्टीयरिंग माउंटेड ऑडियो कंट्रोल और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
सेफ्टी के लिए इस MPV में डुअल एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर, हिल होल्ड असिस्ट, फायर एक्सटिंगुइशर और ABS के साथ EBD जैसे फीचर्स दिए गए हैं। ध्यान देने वाली बात है कि कार के सिर्फ एक्सटीरियर में बदलाव हुआ है, इंजन पहले जैसा ही है। इसमें पहले की ही तरह 1.5 लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 105 पीएस की अधिकतम पावर जेनरेट करता है। इंजन को 5-स्पीड एमटी और 4-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर एटी के साथ जोड़ा गया है।
माना जा रहा है कि मारुति सुजुकी इस एफएफ स्पोर्ट ट्रिम को भारतीय बाजार में लाने की कोई योजना पर फिलहाल काम नहीं कर रही। भारत में, मारुति XL6 की बिक्री करती है, जिसे अर्टिगा के मुकाबले ज्यादा प्रीमियम वर्जन माना जाता है। इसमें सेकेंड रॉ में 2 कैप्टन सीट्स और ब्लैक केबिन भी मिलता है, जो ओवरऑल प्रीमियमनेस बढ़ाता है।






