नागपुर दिनांक 17 नवंबर (शहर प्रतिनिधि)
जरीपटका में खुशी नगर बाजार का अतिक्रमण हटाने गए प्रवर्तन विभाग के दस्ते को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। यातायात में बाधा बने इस बाजार पर एक पखवाड़े में तीसरी बार कार्रवाई की गई।
एक पखवाड़े में तीसरी बार कार्रवाई
खुशी नगर साप्ताहिक बाजार अनधिकृत है। पहले 50-60 दुकानें लगती थीं। धीरे-धीरे दुकानों की संख्या बढ़ाकर 300 के पार चली गई है। जगह कम पड़ने से सड़कों पर दुकानें लगाई जा रही हैं। यातायात में बाधा आने से बाजार प्रवर्तन विभाग के निशाने पर आ गया है। बार-बार बाजार हटाने की कार्रवाई किए जाने से दुकानदारों में रोष बढ़ रहा है। एक पखवाड़े में तीसरी बार कार्रवाई किए जाने से गुस्साए दुकानदारों ने विरोध किया। 200 से अधिक दुकानदार सड़क पर उतर गए।
जेसीबी से तोड़े दुकानों के 45 शेड
हनुमान नगर जोन अंतर्गत बेसा-बेलतरोड़ी रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। फुटपाथ तथा सड़क पर बनाए गए दुकानों के 45 से ज्यादा शेड जेसीबी से तोड़े गए। त्रिशरण चौक से मनीष नगर चौक मार्ग पर फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई गई। 62 अतिक्रमण का सफाया कर 1 ट्रक सामान
जब्त किया गया।
अवैध मकान पर चला बुलडोजर
लक्ष्मी नगर जोन में लालवाणी परिवार के अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर कुछ हिस्सा तोड़ा गया। अतिक्रमण हटाने के लिए एक सप्ताह समय देकर 10 हजार रुपए जुर्माना वसूल किया गया। भारत लालवाणी, ललित लालवाणी, दीपक लालवाणी और प्रदीप लालवाणी ने प्लॉट नं.-178 ए और बी पर मकान का अवैध निर्माण किया है।
उन्हें महाराष्ट्र प्रादेशिक नगररचना अधिनियम 1966 के अनुसार 10 जून 2021 को नोटिस तामिल कर अतिक्रमण हटाने का सूचित किया गया था। बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर मनपा के प्रवर्तन विभाग ने मकान तोड़ने की कार्रवाई को अंजाम दिया। उसके बाद छत्रपति चौक से रेडीसन चौक मार्ग से फुटपाथ का अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। लगभग 32 अतिक्रमण हटाए गए।






