नागपुर दिनांक 15 नवंबर (महानगर प्रतिनिधि)
शहर के नजदीक स्थित गोरेवाड़ा जंगल सफारी पर्यटकों के लिए शुरू हो रही है। इसमें सैलानी खुद के वाहन के साथ आकर भी जंगल की सैर कर सकेंगे। बारिश के कारण इसे लंबे समय से बंद रखा गया था। अब शीतकाल का मौसम शुरू होने से इसे खोला गया है। जंगल सफारी के पास ही बालासाहब ठाकरे इंटरनेशनल जू होने से वहां भी घूमने का आनंद पर्यटक उठा सकते हैं।
ऑनलाइन कर सकते हैं बुकिंग
इंटरनेशनल जू बनने से पहले गोरेवाड़ा की खुली सफारी यहां आकर्षण का केंद्र थी। हरियाली के बीच तेंदुओं की मौजूदगी पर्यटकों के आनंद को दोगुना कर देती है। इसकी ऑनलाइन बुकिंग www.mahaecotourism.gov.in पर कर सकते हैं। सुबह 6 से 10 व दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक सैलानी यहां घूमने का लुत्फ अपने वाहनों से ले सकते हैं।
इसके लिए उन्हें 300 रुपए प्रवेश शुल्क और 200 रुपए गाइड के लिए खर्च करने होंगे। सफारी के दौरान शासन की ओर से लागू किए गए कोरोना नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।






