सोनू सूद की बहन पंजाब से लड़ेंगी चुनाव,पार्टी के नाम का एलान….

0
13

फिल्म अभिनेता सोनू सूद (sonu sood) ने आखिरकार पिछले कई महीनों से चल रही अटकलों को विराम देते हुए अपनी छोटी बहन मालविका सूद सच्चर (malvika sood) की 2022 के विधानसभा चुनाव मोगा सीट से लड़ने की घोषणा कर दी।

फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने रविवार को अपने आवास पर मीडिया की मौजूदगी में ये घोषणा की। पार्टी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उद्देश्य अच्छा हो तो पार्टियां मायने नहीं रखती हैं, समय आने पर 10 दिन में बता दिया जाएगा कि किस पार्टी से चुनाव लड़ना है।

बहन के चुनाव लड़ने की घोषणा के दौरान सोनू सूद ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दोनों की कार्यशैली की प्रशंसा की। सोनू सूद ने कहा कि मालविका सूद तीन सूत्रीय फार्मूले के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेंगी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार। साथ ही ये भी स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल उनका खुद का राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। सोनू सूद ने कहा कि सूद फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से मालविका सूद पहले से ही लगातार समाज सेवा के काम कर रही हैं, राजनीति में भी सेवा का उद्देश्य लेकर चुनाव लड़ेंगी।

मालविका सूद किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगी, इस पर सस्पेंस अभी बरकरार है, लेकिन ये तय है कि मालविका के चुनाव मैदान में कूदने से शहर की राजनीति के समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे। ज्यादा संभावना ये मानी जा रही है कि मालविका कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ें। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मोगा में 25 नवंबर को पहुंच रहे हैं, ऐसे में अब हर किसी की नजर मुख्यमंत्री के दौरे पर रहेगी। संभावना व्यक्त की जा रही है कि उस दिन मालविका सूद को कांग्रेस में शामिल करने की आधिकारिक घोषणा कर दी जाए।

अकेले कांग्रेस ही नहीं, दूसरे दलों पर भी मालविका के चुनाव मैदान में आने का असर पड़ना तय है। जिस प्रकार के संकेत सोनू सूद ने दिए हैं उससे इस बात की संभावना भी बनी हुई है कि वे आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ें। इन सारे कयासों के बीच में शहर की राजनीति के समीकरण पूरी तरह बदलना तय है। बहरहाल सभी दावेदारों को उनके अगले कदम का इंतजार है, पार्टी तय होने के बाद ही असल तस्वीर सामने आएगी।

मालविका सूद फिल्म अभिनेता सोनू सूद की दो बहनों में छोटी बहन हैं। लाजपत राय ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट से एमसीए की डिग्री हासिल करने के बाद मालविका सूद ने साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में जाब किया, बाद में मोगा में अपने पति गौतम सच्चर के साथ बालीवुड इंग्लिश एकेडमी की स्थापना की। वर्तमान में वे इसी एकेडमी को संचालित कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here