भारत दिनांक 13 नवंबर (मनोरंजन प्रतिनिधि)
अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म सूर्यवंशी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म वीकडेज में भी धुआंधार कमाई कर रही है. फिल्म ने 26 करोड़ के साथ खाता खोला था. 8 दिन में सूर्यवंशी ने 127 करोड़ का कलेक्शन किया है.
8 दिन में सूर्यवंशी ने कमाए कितने करोड़?
अक्षय कुमार की फिल्म ने शुक्रवार को 7 करोड़ का बिजनेस किया है. बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया है कि सूर्यवंशी ने 8वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाकर रखी. मूवी ने 6.75-7 करोड़ की कमाई की है. उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म शनिवार को डबल डिजिट में कमाई कर सकती है. फिल्म ने महज 5 दिन में 100 करोड़ क्लब में एंट्री पा ली थी.
कई राज्यों में थियेटर्स अभी तक फुल कैपेसिटी से नहीं खुले हैं, बावजूद इसके मूवी का प्रदर्शन शानदार है. रिपोर्ट के मुताबिक, सूर्यवंशी पिछले 3 सालों में पहले हफ्ते में रिकॉर्ड कमाई करने वाली 7वीं फिल्म है. सूर्यवंशी से पहले वॉर, भारत, हाउसफुल 4, गुडन्यूज, साहो के नाम ये रिकॉर्ड दर्ज है. ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म अच्छा कलेक्शन कर रही है. 7वें दिन तक फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 37.22 करोड़ कमाए हैं.
वर्ल्ड में मूवी ने एक हफ्ते में 190 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। सूर्यवंशी के दूसरे वीकेंड में भी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है।






