नागपूर दिनांक 13 नोव्हेंबर (शहर प्रतिनिधी)
हंसापुरी इलाके में एक गोदाम में शहर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा, तंबाकू जब्त किया है। यह कार्रवाई किसी राठोड़ नामक व्यक्ति के गोदाम पर किए जाने की खबर है। हालांकि इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम देर रात तक कार्रवाई में जुटी थी। गोदाम से कुछ बड़े तस्करों के नाम पुलिस के हाथ लगने की चर्चा है।
सूत्रों की मानें तो इस बार पुलिस कुछ बड़े गुटखा, तंबाकू के तस्करों के नामों का पर्दाफाश करने की बात कर रही है। चर्चा यह भी है कि जिस गोदाम पर पुलिस ने छापा मारा, वह माल तुमसर के किसी पांडे नामक व्यक्ति का है, जो नागपुर में गुटखा तस्करी का सबसे बड़ा कारोबारी माना जाता है। उसका नागपुर में लंबे समय से माल आ रहा था। पहली बार उस पर पुलिस ने हाथ डाला है।
एफडीए को दी जानकारी
गुरुवार को तहसील थाना क्षेत्र के तहत आने वाले हंसापुरी में राठोड़ नामक व्यक्ति के गोदाम पर पुलिस ने दबिश दी। उसके गोदाम से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा तंबाकू जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इस बार छग और मध्यप्रदेश से जुड़े गुटखा तस्करी के बड़े मामले उजागर करने की बात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। पुलिस की देर रात कार्रवाई शुरू होने के कारण घटना के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई थी। हालांकि पुलिस ने इस कार्रवाई की सूचना एफडीए को दी थी।






