नागपुर दिनांक 12 नवंबर( महानगर प्रतिनिधि)
झांसा देकर एक महिला वृद्ध महिला का मंगलसूत्र लेकर फरार हो गई। आरोपी महिला की तलाश पारडी पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार गजानन मंदिर के पास भांडेवाड़ी निवासी सरस्वतीबाई देवाजी दुधपचारे (70) ने पारडी थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है।
स्कीम में निवेश करने का लालच दिया : सरस्वतीबाई दोपहर को कहीं पैदल जा रही थी। इस दौरान पारडी चौक, हनुमान मंदिर के पीछे परिसर में उसे एक 45 वर्षीय महिला ने आवाज दी। महिला ने उसे बताया कि, एक स्कीम निकली है, उसमें 1100 रुपए भरने पर 70 हजार रुपए मिलेंगे। यह सुनने के बाद सरस्वती ने उस महिला से कहा कि, उसके पास 100 रुपए हैं। पश्चात उस महिला ने सरस्वतीबाई का आधार कार्ड लेकर उसकी जेरॉक्स निकाल ली।
आरोपी महिला ने सरस्वतीबाई को मंगलसूत्र गिरवी रखकर स्कीम में पैसे भरने की बात कही। साथ ही पैसे मिलने पर मंगलसूत्र छुड़ाने का लालच दिया। वृद्ध महिला झांसे में आ गई। पश्चात वह आरोपी महिला के साथ ऑटो में सुनील होटल के सामने गई। वहां सरस्वतीबाई को छोड़कर गायब हो गई।






