आईपीएल-2021 के फाइनल मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को शिकस्त देकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 3 विकेट खोकर 192 रन बनाए.
फाफ डुप्लेसिस (Faf du Plessis) ने 86 रन का पारी खेली, जबकि मोईन अली (Moeen Ali) ने नाबाद 37 रन बनाए. इसके जवाब में शानदार शुरुआत के बावजूद केकेआर 165/9 से आगे नहीं बढ़ सकी. शुभमन गिल ने 51, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 50 रन टीम के खाते में जोड़े. चेन्नई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए.
माही की कप्तानी में चेन्नई ने जीता चौथा खिताब: महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में सीएसके ने सभी चार टाइटल अपने नाम किए हैं. चेन्नई साल 2010, 2011, 2018 और 2021 की आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है, जबकि केकेआर ने साल 2012 और 2014 में गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के नेतृत्व में दो बार खिताब अपने नाम किया था.
इस बार सीएसके के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने ऑरेंज कैप अपने नाम किया हैं. ऋतुराज ने 635 रन बनाए. बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग यानि आईपीएल भले ही पूरी तरह से भारतीय लीग मानी जाती है लेकिन हर साल अगर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो इसमें विदेशी खिलाड़ियों का ही बोलबाला रहा है.
आईपीएल टूर्नामेंट में अबतक कुल 13 सीजन खेले गए हैं. जिसमें चार बार भारतीय खिलाड़ियों ने ऑरेंज कैप पर कब्जा किया है तो वहीं विदेशी बल्लेबाज इस खिताब को नौ बार अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं.






