यशोधरा नगर इलाके में दो दोपहिया वाहनों में हुई भिड़ंत में गंभीर घायल एक वाहन चालक की मौत हो गई। मृतक का नाम अश्विन इंगले (30), गुलशन नगर निवासी है।
पुलिस के अनुसार अश्विन घटना के दिन शाम को दोपहिया वाहन (एम.एच-49-ए.एन-7745) पर मंगलवारी से घर जा रहा था। इस दौरान नई मंगलवारी में डाॅ. देवगड़े अस्पताल के पास एक अज्ञात दोपहिया वाहन से उसका दोपहिया वाहन टकरा गया।
हादसे में अश्विन के सिर और पैर में गंभीर चोट लगी। उसे उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मेयो अस्पताल के पुलिस बूथ से नायब सिपाही प्रवीण ने यशोधरा नगर थाने को सूचना दी। सहायक पुलिस निरीक्षक इंगे ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 304(अ) व सहधारा 134, 177 के तहत मामला दर्ज किया।






