नागपूर दि 15 सितंबर (प्रतिनिधि) : पुणे स्थित महाराष्ट्र इंटेलिजेंस अकादमी (एमआईए) से हाल ही में विशेष प्रशिक्षण लेकर लौटे 33 पुलिसकर्मियों में से 12 पुलिसकर्मी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके संपर्क में आए परिजनों, सगे संबंधियों, स्टाफ के अधिकारी-कर्मचारियों को कोविड जांच कराने की सलाह पुलिस अस्पताल के प्रमुख डॉ. संदीप शिंदे ने दिया है। कोविड पॉजिटिव मिले कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी हासिल की जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोविड पॉजिटिव मिले 12 पुलिसकर्मियों के संपर्क में 350 से अधिक लोग आए हैं। इनकी मनपा द्वारा कोविड जांच कराई जाएगी। कोविड पॉजिटिव पाए गए कर्मचारियों को एमएलए होस्टल के क्वारेंटाइन सेंटर में भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह सभी पुलिसकर्मी पुणे में ट्रेनिंग लेने के बाद नागपुर में ट्रेन से वापस लौटे थे। यह किस ट्रेन से वापस लौटे थे, इस बारे में उनसे मनपा के कोविड विभाग के संबंधित अधिकारी जानकारी ले रहे हैं।






