उर्स में शामिल होने आए युवकों में विवाद,युवक को चलती ट्रेन से बाहर फेका, हुई मौत

0
14

भीड़ के कारण हुई धक्का-मुक्की के विवाद में एक युवक ने दूसरे युवक को तेज रफ्तार ट्रेन से ही फेंक दिया. इससे युवक की मौत हो गई. हालांकि वहां मौजूद यात्रियों ने आरोपी युवक को पकड़कर कर रखा. उसे अजनी स्टेशन पर लोहमार्ग पुलिस के हवाले किया गया.

मृतक युवक का नाम अकोला निवासी शेख अकबर (26) जबकि आरोपी का नमा शेख शाहरीक (25) बताया गया. घटना बूटीबोरी से गुमगांव स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे की बताई जा रही है.

ताजबाग उर्स में शामिल होने आ रहे थे नागपुर

अकोला निवासी शेख शाहरीक, शेख अकबर, मोहम्मद सोहेल (25) अपने 3 अन्य दोस्तों के साथ ताजबाग में जारी उर्स में शामिल होने गरीब रथ एक्सप्रेस से नागपुर आ रहे थे. कई यात्री शौचालय के पास खाली जगह में बैठ गये.

यात्रियों की संख्या काफी अधिक होने से शौचालय के पास यह हिस्सा भी खचाखच भरा हुआ था. शेख अकबर दरवाजे के पास खड़ा होकर सफर कर रहा था. इसी बीच भीड़ में हो रही धक्का-मुक्की की बात पर शेख शाहरीक और शेख अकबर के बीच विवाद शुरू हो गया.

मार दिया धक्का

विवाद इतना बढ़ गया कि शाहरीक ने अकबर को चलती ट्रेन से धक्का मार दिया. कोच के भीतर सफर कर रहे बाकी यात्रियों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. काफी देर तक अकबर के नजर न आने पर उसके दोस्त मोहम्मद सोहेल को शक हुआ कि उसे ट्रेन से फेंक दिया है. उसने अपने बाकी दोस्तों को बताया. सभी ने मिलकर सीधे शाहरीक पर धावा बोल दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. इस बीच ट्रेन अजनी पहुंची तो सभी ने शाहरीक को पकड़कर ट्रेन से उतार लिया.

स्टेशन पर भीड़ के बीच विवाद होता देख रेलवे सुरक्षा बल और लोहमार्ग पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे तो सच पता चला. तुरंत नागपुर स्टेशन जीआरपी थाने से पोलीस कर्मचारी अजनी स्टेशन पहुंचे.

पूछताछ करने पर शाहरीक ने अकबर को ट्रेन से धक्का देने की बात कबूली. तुरंत एक टीम को मौके पर रवाना किया गया लेकिन तब तक अकबर की मौत हो चुकी थी. साहिल की शिकायत पर जीआरपी ने मामला दर्ज कर शाहरीक को गिरफ्तार कर लिया.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here