नागपूर दिनांक 2 जुलाई ( प्रतिनिधी)
कलमेश्वर थाना अंतर्गत राहुलगांव शिवार के मूर्ति फार्म हाउस में करीब 10 दिन पहले एक महिला ने अपने एक दिन के नवजात को सीवरेज चेंबर में फेंक दिया था। इस मामले में जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को न्यायालय में पेश करने पर दोनों को सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
जन्म के एक दिन बाद दिया घटना को अंजाम :
पुलिस के अनुसार मूर्ति फार्म हाउस में काम करने वाली 34 वर्षीय महिला चेतना (परिवर्तित नाम), मूलत: गिरोला पांढराबोड़ी, जिला छत्तीसगढ़ निवासी ने गत 2 सप्ताह पूर्व एक शिशु को जन्म दिया और एक दिन बाद ही नवजात को कपड़े में लपेट कर घर के पास चेम्बर में फेंक दिया था। पश्चात पति-पत्नी फरार हो गए थे।
रोने की आवाज सुनाई देने पर खुला राज :
फार्म हाउस के पास बने झोपड़े में रहने वाले एक व्यक्ति को बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उसने बाहर जाकर देखा तो कोई बच्चा नजर नहीं आया। उसने तुरंत कोहली के पुलिस पाटील को जानकारी दी। पुलिस पाटिल ने मौके पर पहुंचकर आस-पास बच्चे को ढूंढ़ने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने कलमेश्वर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक आसिफ राजा शेख को घटना का पूरा विवरण दिया।
डीएनए जांच रिपोर्ट ने पहुंचाया दंपति तक :
उधर डॉक्टरों से नवजात की डीएनए जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीएनए सैंपल के साथ पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू की। इस बीच प्रकरण में लिप्त महिला राहुलगांव निवासी होने का खुलासा होने पर पुलिस ने जाल बिछाकर दंपति को धरदबोचा। डीएनए जांच कराने पर शिशु उनका होने का खुलासा हुआ। गिरफ्तार दंपति को न्यायालय ने संेट्रल जेल दिया है।
पति ने करा ली थी नसबंदी
पूछताछ में महिला ने बताया कि, उसके पति ने नसबंदी करा ली थी। नसबंदी के बाद भी शिशु होने पर लोगों के सवालों का सामना कैसे करूंगी? इसलिए नवजात को चेम्बर में फेंक दिया था।
पुलिस को 12 फुट गहरे चेंबर में नजर आया :
मामले को गंभीरता से लेकर पीआई शेख, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका गेडाम व पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान चेम्बर के पास रोने की आवाज तेज होेने पर चेम्बर का ढक्कन हटाया गया, तो करीब 12 फुट गहरे चेम्बर में नवजात दिखाई दिया।
पुलिस कर्मियों ने नवजात को सकुशल बाहर निकाला और उसे तुरंत उपचार के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल रवाना किया गया। उपचार के दौरान डॉक्टर को जख्म के निशान दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने प्रकरण में माता-पिता की खोजबीन शुरू कर दी।






