नागपुर दिनांक 25 जून ( महानगर प्रतिनिधी)
डॉक्टर के क्लीनिक से उपचार लेकर घर लौट रहे पति-पत्नी और बच्चे को अमरावती रोड पर एक कार चालक ने उड़ा दिया. कार काफी तेज गति में थी. टक्कर लगने के बाद तीनों बुरी तरह जख्मी हो गए. उपचार के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी और बच्चा जख्मी है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है. मृतक गौतमनगर, भिवसनखोरी निवासी राष्ट्रपाल सुरेश शेंडे (31) बताए गया.
राष्ट्रपाल मजदूरी करते थे. जख्मियों में उनकी पत्नी ज्योत्सना (26) और 4 वर्षीय बेटे रिदोय का समावेश हैं. ज्योत्सना को पिछले 3 महीनों से सिर में दर्द हो रहा था. उनका उपचार पंचशील चौक पर स्थित एक डॉक्टर के क्लीनिक में चल रहा था.
राष्ट्रपाल, ज्योत्सना और रिदोय बाइक पर डॉक्टरके क्लीनिक गए. रात 9.15 बजे के दौरान तीनों घर लौट रहे थे. अमरावती रोड पर मारुति सेवा शोरूम के सामने से मुड़ते समय विरुद्ध दिशा से नागपुर की ओर आ रही कार क्र. एमएच-04/एफबी-4141 के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. तीनों बुरी तरह जख्मी हो गए.
स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. खबर मिलते ही वाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची. तीनों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया. रात 1.20 बजे के दौरान डॉक्टर ने राष्ट्रपाल को मृत घोषित कर दिया.
ज्योत्सना को इलाज के लिए मेडिकल के ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है. पुलिस ने राष्ट्रपाल के साले संदीप उके की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.






