शुभ आशीष महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑप के 2 संचालक गिरफ्तार

0
14

नागपुर दिनांक 14 जून ( प्रतिनिधी)

निवेशकों के साथ 47.66 लाख की धोखाधड़ी के मामले में भांडे प्लॉट स्थित शुभ आशीष महिला अर्बन क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी के दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के नाम रितेश प्रभाकर होले निवासी 570/ ए, नाईक रोड, महल व उसका भाई मिलिंद प्रभाकर होले एफ नं.-102, शिव दर्शन अपार्टमेंट, गीता सोसाइटी, महेश नगर निवासी है। सक्करदरा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के करीब 2 साल बाद पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर पाई है। आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मामला दर्ज होने के बाद करीब दो साल पहले भूमिगत हो गए थे। सोसाइटी के कार्यालय को ताला लगा दिया था।

सोसायटी को ताला लगाकर मुंबई भाग गए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुबे नगर निवासी रमेश विट्ठललराव होले (63) ने सक्करदरा थाने में जनवरी 2022 को धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद सोसाइटी के उक्त दोनों संचालक फरार हो गए थे। पुलिस उनकी खोजबीन में लगी थी। रमेश होले ने पुलिस को बताया कि, आरोपी रितेश और मिलिंद ने सोसाइटी में रकम जमा करने पर निवेशक को 12 प्रतिशत ब्याज की दर से कमीशन देने का वादा किया था।

आरोपियों ने समय- समय पर उनसे संपर्क कर उनका विश्वास हासिल किया। आरोपियों के झांसे में आकर रमेश होेले ने दिसंबर 2018 में करीब 15 लाख रुपए एक साल के लिए सोसाइटी में जमा किए, लेकिन निर्धारित समय बीतने पर भी आरोपियों ने रमेश को कोई ब्याज या कमीशन नहीं दिया, तब रमेश होले ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोपी पैसे वापस करने में टालमटोल करने लगे।

 

17 जून तक पुलिस रिमांड पर :

रमेश की तरह आरोपियों ने 11 निवेशकों के साथ ठगी है। इन 11 निवेशकों से आरोपियों ने करीब 47 लाख 66 हजार की ठगी की है। रमेश होेले ने सक्करदरा थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद दोनों आरोपी मुंबई में जाकर छिप गए थे।

सक्करदरा पुलिस को आरोपियों के बारे में भनक लगने पर मुंबई जाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नागपुर लाया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 17 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। सक्करदरा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धनंजय पाटील के मार्गदर्शन में जांच कार्रवाई शुरू है। जिन निवेशकों को रकम वापस नहीं मिली है, वे सक्करदरा थाने में शिकायत कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here