नागपूर दिनांक 27 मई ( ग्रामीण प्रतिनिधी)
कन्हान पुलिस स्टेशन अंतर्गत गहुहिवरा रोड अंडर पुल के पास कंटेनर ने दोपहिया को टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चाचेर निवासी सतीश धनराज श्रोते (45) कन्हान से चाचेर की ओर से एक्टिवा क्रमांक एमएच-40, एजे-8430 से जा रहे थे। इस बीच गहुहिवरा से कन्हान की आेर आ रहे कंटेनर क्रमांक एनएल-01, एबी-6261 के चालक राधेश्याम नंदकिशोर खटीक ने अपना वाहन लापरवाही तथा तेज गति से चलाते हुए सामने से एक्टिवा को टक्कर मार दी।
इतना ही नहीं एक्टिवा को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। घटना में एक्टिवा चालक सतीश धनराज श्रोते की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए वहां तनाव की स्थिति निर्माण हो गई थी।पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्ताार किया है।
कार ने मारी बाइक को टक्कर, 1 की मौत
उमरेड थाने की हद में नागपुर- उमरेड महामार्ग पर द्वारका सिटी के पास कार क्रमांक एमएच- 40, सीए- 1200 के चालक रेहान मनोज अड्यालवाले (21), उमरेड निवासी ने अपना वाहन तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए बाइक क्रमांक एमएच -40, सीई- 0561 को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में बारवा, उमरेड निवासी अनिल इस्तारी वरठी (35) बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे उमरेड ग्रामीण अस्पताल में ले जाने से प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फरियादी मो. हजीफ अब्दुल गनी शेख की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी रेहान अड्यालवाले के खिलाफ भांदवि की धारा 279, 304(अ) के तहत उमरेड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच उमरेड पुलिस कर रही है।
सावनेर-नागपुर मार्ग पर हुआ हादसा
सावनेर की ओर तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चिचपुरा, सावनेर निवासी मिनल कोलते (28) को समाजसेवी हितेश बंसोड़ की एंबुलेंस से नि:शुल्क सावनेर के शासकीय अस्पताल में लाया गया, जहां प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा सावनेर- नागपुर मार्ग पर जयस्वाल लाॅन के पास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार चिचपुरा, सावनेर निवासी मिनल कोलते (28) अपनी बाइक क्रमांक एमएच- 40, बीवी- 3895 से सावनेर के पेट्रोल पंप पर जा रहा था। इस बीच तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।






