नागपूर दिनांक 14 मई ( शहर प्रतिनिधी)
प्रेमिका के साथ महंगे होटल में खाने और घूमने का लुत्फ उठाने एक प्रेमी चोरी करने लगा। माल ठिकाने लगाने के लिए उसने एक ज्वेलर्स के नौकर को भी अपने साथ शामिल कर लिया।
एमआईडीसी पुलिस ने बंद मकानों में सेंधमारी करने वाले एक प्रेम दिवाने सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें उसकी नाबालिग प्रेमिका और ज्वेलर्स का नौकर भी शामिल है।
आरोपी अभिषेक प्रेमानंद इंदुरकर (21), आजाद नगर, गिट्टीखदान और अंकित लक्ष्मण सोनटक्के (25), विश्वास नगर, गिट्टीखदान निवासी है।
चोरी में प्रेमिका भी करती थी मदद :
पुलिस के अनुसार सारिका वाघमारे (41), मंगलवारी बाजार, हिंगना रोड निवासी के घर में गत 28 अप्रैल से 1 मई के बीच चोरी हुई थी। वह मकान काे ताला बंद कर परिवार के साथ देवदर्शन करने गई थीं। उनके घर से अज्ञात चोर करीब 61 हजार 700 रुपए का माल चुराकर ले गया था।
एमआईडीसी पुलिस ने सारिका की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। इस मामले में गुप्त सूचना व तकनीकी आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल की।
माल ठिकाने लगाता था नौकर :
पुलिस ने अभिषेक की निशानदेही पर ज्वेलर्स के नौकर अंकित को भी धरदबोचा। अंकित चोरी का माल ठिकाने लगाने का काम करता था। अंकित को चोरी का माल बेचने के बाद पैसे मिलते ही अभिषेक अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ सैर-सपाटे पर चला जाता था। कैश खत्म होने पर फिर चोरी करने लगता था।
2.50 लाख का माल जब्त :
अंकित ने चोरी के पैसे से 1 लाख 50 हजार रुपए का डीजे खरीदा था। आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान करीब 2.50 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।






