महाराष्ट्र (Maharashtra) के नागपुर जिले (Nagpur district) में आयकर विभाग Income Tax (Department) के एक कमिश्नर (income tax commissioner) के खिलाफ पुलिस ने रेप ( rape case) का मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने रविवार को बताया कि एक महिला डॉक्टर ने आयकर आयुक्त पर शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने और गर्भपात के लिए बाध्य करने का आरोप लगाया है.
आरोपी 35 वर्षीय इनकम टैक्स कमिश्नर (Commissioner) पुड्डुचेरी का रहने वाला है. वो नागपुर के सरकारी अस्पताल में काम करने वाली महिला डॉक्टर के संपर्क में आया.
आरोपी एक दिन अस्पताल में इलाज के लिए गया, जहां उसकी दोस्ती महिला डॉक्टर से हो गई. प्राथमिकी के हवाले से अधिकारी ने बताया कि जब महिला डॉक्टर ने बताया कि वह प्रशासनिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही है, तब आरोपी ने अपना फोन नंबर महिला डॉक्टर को दे दिया. इसके बाद आरोपी ने महिला से शादी करने का भरोसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए.
आरोपी आयकर आयुक्त ने कई बार महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं. महिला जब गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उससे गर्भपात कराने के लिए कहा. शादी के लिए कहने पर आरोपी ने महिला की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी भी दी.
महिला डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है. इस मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है.






