हाँ, मैं जैकलीन फर्नांडिस के साथ रिलेशनशिप में था, दिए करोड़ों के गिफ्ट’: महाठग सुकेश का खुलासा

0
12

200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग (money laundering) मामले के आरोपित ठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekhar) ने उस पर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। सुकेश ने जेल के अंदर से अपने वकील अनंत मलिक और रोहन यादव के माध्यम से जारी पत्र में कहा है कि वह ठग नहीं है। आरोपित को ‘धोखेबाज’ या ‘ठग’ कहना गलत है, क्योंकि उसे अभी तक दोषी नहीं ठहराया गया है।

पत्र में उसने यह भी दावा किया कि वह बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) के साथ रिलेशनशिप में था। उसने एक्ट्रेस को करोड़ों के गिफ्ट दिए थे और उसके व्यक्तिगत संंबंधों का आपराधिक मामले से कोई लेना-देना नहीं है।

सुकेश चंद्रशेखर ने आरोप लगाया है कि तिहाड़ जेल अधिकारियों की ओर से उस पर जबरन वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। आखिर इसकी जाँच क्यों नहीं की जा रही है? प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जो संपत्ति जब्त की है, उसके खिलाफ वह अदालत जाएँगे। यह पत्र जैकलीन की उस अर्जी को खारिज करने के बाद आया है, जिसमें उन्होंने लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) को डाउनग्रेड करने की अपील की थी। मालूम हो कि प्रवर्तन निदेशालय ने 5 दिसंबर को एक्ट्रेस के खिलाफ एलओसी जारी किया था। लुक आउट नोटिस के कारण इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रोक दिया था।

इससे पहले ईडी से जुड़े सूत्रों ने खुलासा किया था, सुकेश चंद्रशेखर तिहाड़ जेल के अंदर से स्पूफिंग के जरिए जैकलिन फर्नांडीस को कॉल करता था। वह अपनी पहचान सुकेश चंद्रशेखर की बजाय कुछ और बताता था। उसने जैकलीन को फोन पर बताया वह रसूखदार और बड़े ओहदे पर है। सूत्रों के मुताबिक, “जब जैकलीन उसके झाँसे में आ गई, तो उसने उन्हें महँगे फूल और चॉकलेट भेजना शुरू कर दिया था।”

ईडी ने चार्जशीट में बताया था कि सुकेश ने जैकलीन को करीब 10 करोड़ रुपए के गिफ्ट दिए थे। इसमें BMW कार, आईफोन, ज्वेलरी वगैरह शामिल थे। 9 लाख रुपए की कीमत वाली बिल्ली और 52 लाख रुपए की कीमत वाला घोड़ा भी जैकलीन को दिए जाने की बात कही गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here