नागपूर दिनांक 27 जुलाई ( प्रतिनिधी)
जादू-टोने के संदेह में 5 लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति को पारसिवनी की नदी में फेंक दिया था. 5 दिन बाद उसका शव कन्हान में मिला. मृतक नागसेनवन निवासी नितिन शंकर धामगाए (36) बताया गया. नितिन खेतों में पानी के स्प्रिंकलर लगाने का काम करता था. साथ ही झाड़-फूक और तंत्र-मंत्र का काम भी करता था.
इस मामले में पुलिस गजानननगर, एमआईडीसी निवासी मंगेश मोतीलाल झलके (36), पंचसूत्र कॉलोनी, कपिलनगर निवासी सूरज भाऊराव झाड़े (28), रुईगंज, कामठी निवासी अंकित प्रकाश शेवते (30) और अजय चोखांद्रे को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. मंगेश और सूरज के साथ नितिन की पुरानी पहचान थी.
नितिन ने उन्हें तंत्र-मंत्र से गुप्तधन मिलने का लालच दिया था. इसकी पूजा-पाठ के लिए 35,000 रुपये लिए थे. कोई गुप्तधन नहीं मिला और मंगेश अपने रुपये वापस मांगने लगा. इस वजह से उनका विवाद हुआ था.
21 जुलाई को मंगेश और अन्य आरोपियों ने नितिन का अपहरण किया. उसे हिंगना के फार्म हाउस में ले जाकर मारा पीटा. बाद में उन्हें लगा कि नितिन जादू-टोना करके उन्हें नुकसान पहुंचाएगा, इसीलिए उसे वाहन में डालकर पारसिवनी ले जाया गया. वहां मारपीट कर उसे नदी में फेंक दिया.
पुलिस लगातार नितिन की तलाश में जुटी हुई थी. नदी से सटे सभी गांवों में जानकारी दी गई थी. मंगलवार की सुबह 7 बजे के दौरान कन्हान नदी में नितिन का शव दिखाई दिया. यशोधरानगर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. न्यायालय ने आरोपियों को 30 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं.






