शेयर में निवेश कर मोटे मुनाफे का लालच,व्यापारी से 7 लाख की ठगी

0
12

नागपूर दिनांक 14 जुलाई (शहर प्रतिनिधी)

शेयर में निवेश करके मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक व्यवसायी के साथ धोखाधड़ी की गई. शुरुआत में अच्छा रिटर्न देकर विश्वास बनाया और जैसे ही खाते में मोटी रकम आई पेमेंट बंद हो गया. जिस प्लेटफॉर्म पर खाते की जानकारी दी जाती थी वह वेबसाइट ही बंद हो गई और परेशान होकर निवेशक ने पुलिस से शिकायत की.

पुलिस ने तुकड़ोजी चौक निवासी नीतेश लक्ष्मण राऊत (40) की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. नीतेश धंतोली में सत्य साईं कम्प्यूटर के संचालक हैं.

24 मई को उन्हें एक मोबाइल नंबर से वाट्सएप मैसेज आया. मैसेज में गोल्ड शेयर ट्रेडिंग के बारे में जानकारी दी गई थी. नमस्ते फ्यूचर नामक वेबसाइट का लिंक शेयर किया गया था. नीतेश ने लिंक ओपन करके अपनी जानकारी डाली और 100 रुपये भरकर रजिस्ट्रेशन करवाया.

वेबसाइट पर पूरा भरोसा नहीं होने के कारण नीतेश ने पहले छोटी रकम निवेश की. निवेश पर मुनाफा भी मिला और रकम भी निकालने की सुविधा थी. इससे नीतेश का विश्वास बढ़ गया. उन्होंने कुछ ही दिनों में 6.83 लाख रुपये निवेश कर दिए. वेबसाइट पर निवेश और मुनाफे की पूरी जानकारी दी जाती थी.

वेबसाइट भी हुई बंद 

10 जून को उन्होंने वेबसाइट खोली तो खाते में 16.17 लाख रुपये जमा होने की जानकारी मिली. नीतेश ने रकम निकालने का प्रयास किया तो एरर आने लगा. उन्होंने वाट्सएप नंबर पर संपर्क किया तो 3 दिन में एरर सुधारने की जानकारी दी गई. नीतेश ने 3 दिन बाद वेबसाइट खोली तो पूरा पेज ही गायब हो गया था. कंपनी द्वारा दी गई लिंक दोबारा खुली ही नहीं.

धोखाधड़ी का पता चलने पर धंतोली पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने ठगी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इस तरह की धोखाधड़ी पहले भी हो चुकी है.

साइबर ठग फर्जी वेबसाइट तैयार करके लोगों को मुनाफा दिखाते हैं लेकिन असल में रकम उनके नहीं ठगों के वेलट पर होती है. शुरुआत में विश्वास हासिल करने के लिए निवेशकों को बिना रोक-टोक के रकम निकालने की सुविधा प्रदान की जाती है. यह रकम ठग खुद ट्रांसफर करते हैं. मुनाफा देख लोग मोटी रकम जमा करते हैं और वेबसाइट बंद हो जाती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here