नागपूर दिनांक 14 जुलाई (महानगर प्रतिनिधी)
शालेय पोषण आहार वितरित करने के लिए महिला बचत गट की अध्यक्ष से 2,400 रुपये की रिश्वत लेने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने 3 आंगनवाड़ी सेविकाओं को गिरफ्तार किया.
पकड़ी गई महिलाओं में पंचशीलनगर निवासी सीमा राजेश राऊत (47), उज्वला भालचंद्र वासनिक (51) और विनोबा भावेनगर निवासी मंगला प्रकाश प्रधान (46) का समावेश हैं.
शिकायतकर्ता महिला बचत गट चलाती है. इस बचत गट को 4 आंगनवाड़ियों में पोषण आहार वितरित करने का ठेका दिया गया था, जिसमें से 3 आंगनवाड़ी में उपरोक्त महिलाएं कार्यरत हैं. हर महीने पोषण आहार की एंट्री की जाती है और उसके अनुसार बचत गट को निधि दी जाती है.
तीनों ने एंट्री करके निधि मंजूर करने का प्रस्ताव देने के लिए 2,400 रुपये की रिश्वत मांगी. बचत गट संचालिका ने प्रकरण की शिकायत एसीबी से की.
वेरिफिकेशन के बाद तीनों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया. मंगला ने शिकायतकर्ता को पैसे लेकर अपने घर पर बुलाया. जैसे ही उसने रकम ली एसीबी की टीम ने दबोच लिया. वेरिफिकेशन में अन्य 2 आरोपियों की भूमिका भी स्पष्ट हो गई थी. इसीलिए उन्हें भी गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया.
तीनों आरोपियों को एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया गया. न्यायालय ने 1 दिन की कस्टडी मंजूर की है.






