नागपूर दिनांक 19 जून ( महानगर प्रतिनिधी)
कोरोना के कारण दो साल बाद होने वाली पंढरपुर यात्रा के लिए एसटी के नागपुर विभाग से अतिरिक्त 100 बसें चलाई जाएंगी।
आषाढ़ी एकादशी के उपलक्ष्य में विट्ठल-विट्ठल का जप करते हुए लाखों भक्त पंढरपुर जाते हैं, लेकिन कोरोना के कारण पिछले दो साल से पंढरपुर यात्रा बंद थी। दो साल बाद इस बार यात्रा का आयोजन किया गया है।
6 से 14 जुलाई के बीच मुंबई के अलावा पुणे, नाशिक, औरंगाबाद, नागपुर और अमरावती से बड़ी संख्या में अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
नागपुर विभाग से 100 बसें दौड़ेंगी। नागपुर विभाग में 8 डिपो हैं, जिसमें गणेशपेठ डिपो, वर्धमान नगर डिपो के साथ अन्य दो डिपो हैं। ग्रामीण में उमरेड, रामटेक, काटोल व सावनेर डिपो हैं।
नागपुर का गणेशपेठ डिपो मुख्य डिपो है, जहांं प्रतिदिन एक हजार बसों का आवागमन होने के साथ लगभग 20 हजार से ज्यादा लोग यात्रा करते हैं। गणेशपेठ से 40 बसों को पंढरपुर के लिए दिनभर में आधे-आधे घंटे में छोड़ा जाएगा। इसके अलावा अन्य डिपो से भी 5 से 10 बसें प्रतिदिन पंढरपुर के लिए चलाई जाएंगी जिसका लाभ यात्रियों को मिलेगा






