महाराष्ट्र दिनांक 22 मार्च (प्रतिनिधी)
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thackeray) के साले की 6 करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया।
ईडी ने उद्धव ठाकरे के साले श्रीधर माधव पाटनकर (Shridhar Madhav Patankar) के स्वामित्व वाली एक कंपनी पर छापे मारे और उसकी संपत्तियों को जब्त किया। इन संपत्तियों में ठाणे के वर्तक नगर में स्थित ‘नीलांबरी’ प्रोजेक्ट में 11 आवासीय घर शामिल हैं। इस मामले में जांच जारी है।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने इस कार्रवाई के तुरंत बाद ED की आलोचना करते हुए कहा कि एंजेसी ने गुजरात जैसे राज्यों (जहां बीजेपी सत्ता में है) में अपने कार्यालय बंद कर दिए हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी से ED की पूछताछ का भी हवाला दिया और कहा कि न तो बंगाल और न ही महाराष्ट्र इस उत्पीड़न के आगे झुकेंगे।






