सरकार इलेक्ट्रिक व्हीकल (Electric vehicles) के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए संशोधित दिशा-निर्देश और मानक लेकर आई है. अब मालिक अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल को चार्ज करने के लिए घर और ऑफिस में अपने मौजूदा बिजली कनेक्शन का उपयोग कर सकेंगे.
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय (Union Ministry of Power) ने इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर हेतु संशोधित दिशानिर्देश और मानदंड जारी किए. इसका उद्देश्य सुरक्षित, विश्वसनीय, सुलभ और किफायती चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एवं इको-सिस्टम सुनिश्चित करके भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने में सक्षम बनाना है. यह पूरे ईवी इको-सिस्टम को बढ़ावा देकर देश की ऊर्जा सुरक्षा के साथ-साथ उत्सर्जन की तीव्रता में कमी को भी सुनिश्चित करेगा.
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, एक महत्वपूर्ण उपाय के रूप में, मालिक अपने मौजूदा बिजली कनेक्शन का उपयोग करके अपने घर/ऑफिस पर अपने इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज कर सकते हैं. पब्लिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ लंबी दूरी के ईवी और/या भारी ईवी के लिए सार्वजनिक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए इससे जुड़ी आवश्यकताओं को चिन्हित किया गया है.






