नागपुर दिनांक 30 दिसंबर (महानगर प्रतिनिधि)
मेट्रो रेल्वे के रीच-2 (सीताबर्डी इंटरचेंज से ऑटोमोटिव चौक) मार्ग पर शीघ्र ही मेट्राे दौड़ेगी। इस रूट पर मेट्रो रेल सेवा शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर तैयारी चालू कर दी गई है। इसके तहत इस रूट पर व्हायडक्ट व स्टेशनों का निर्माण कार्य 90 फीसदी पूर्ण कर लिया गया है।
मेट्रो रेल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस मेट्रो सेवा का प्रमुख आकर्षण कामठी रोड, गड्डीगोदाम गुरुद्वारा के पास निर्माणाधीन बहुस्तरीय यातायात प्रणाली होगी। यह देश की एकमेव व अद्वितीय संरचना मानी जा रही है।
यह डबल डेकर संरचना 5.3 किमी (ऑटोमोटिव चौक से गड्डीगोदाम) लंबी है। इस रूट पर प्रस्तावित फ्लाई-ओवर व मेट्रो ट्रैक ‘शेयर राइट ऑफ वे’ तैयार करने के लिए एक ही पिलर का उपयोग किया जा रहा है, जो इस निर्माणकार्य की विशेषता है।






