बचपन का प्यार’ गाने से पॉपुलर हुए सहदेव दिर्दो मंगलवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. सहदेव के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं. उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. सुकमा जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है. इधर, सहदेव का हाल जानने के लिए सुकमा के कलेक्टर विनीत नंदनवर और एसपी सुनील शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं. छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
जानकारी के मुताबिक, सहदेव दो पहिया वाहन पर सवार होकर अपने दोस्त के साथ शबरी नगर जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई. इस हादसे में सहदेव को सिर पर गंभीर चोट आई है. उन्हें सिर पर चार टांके भी दिए गए हैं. कलेक्टर ने डॉक्टरों को सहदेव का ठीक से इलाज करने के निर्देश दिए. वहीं, अब सहदेव को जगदलपुर रेफर कर दिया गया है.
सुकमा के रहने वाले सहदेव सोशल मीडिया सेंसेशन हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और इसी वजह से वह रातों-रात स्टार बन गए थे. इस वीडियो में सहदेव अपनी क्लास के अंदर ‘बचपन का प्यार’ गाना गाते हुए नजर आ रहे थे. हालांकि, उनकी आवाज काफी लड़खड़ा रही थी, लेकिन सहदेव का वीडियो लोगों को काफी पसंद आया था, जिस वजह से हर कोई इस पर रील बना रहा था. इतना ही नहीं, कई बॉलीवुड स्टार्स ने भी सहदेव के वीडियो पर रील बनाए थे.






