नागपुर दिनांक 14 दिसंबर (महानगर प्रतिनिधि)
महाराष्ट्र के जानेमाने बाल विशेषज्ञ डॉक्टर उदय बोधनकर को COMHAD UK के लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 2021 से नवाजा गया है। खास बात है कि डॉक्टर उदय बोधनकर शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के कल्याण के लिए उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं, समर्पित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए COMHAD यूके के सर्वोच्च प्रतिष्ठित लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित होने वाले वे पहले एशियाई हैं। आपको बता दें डॉ उदय बोधनकर को 2018 से COMHAD UK के कार्यकारी निदेशक के रूप में चुना गया है।
डब्ल्यूएचओ के साथ आधिकारिक संबंध रखने वाला कॉमनवेल्थ एसोसिएशन फॉर हेल्थ एंड डिसएबिलिटी नामक एनजीओ (COMHAD) विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य, विकलांगता निवारण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और प्रजनन स्वास्थ्य को लेकर दुनियाभर में समर्पित विचारधारा से कार्य कर रहा है, जिसका जरूरतमंदों को खासा लाभ मिल रहा है। सीएफ़ की मुख्य संरक्षक इंग्लैंड की महामहिम महारानी एलिजाबेथ हैं।
विदेश में डॉक्टर की डिग्री हासिल कर चुके बोधनकर संतरानगरी में सेवा कार्यों से भी जुड़े हैं। रामदास पेठ इलाके में उनका अस्पताल है, जहां बच्चों का इलाज होता है, अस्पताल जाते ही पहले स्क्रीनिंग की जाती है। इसके बाद बच्चे का वजन और कद काठी की जांच होती है। खासबात है कि डॉक्टर बोधनकर के अस्पताल में राजगिरे के लड्डू हमेशा मिलेंगे। जो खासकर बच्चों के लिए रखे जाते हैं। डॉ. उदय बोधनकर को अवार्ड मिलने के बाद दुनियाभर में संतरानगरी की शान और बढ़ गई।






