महाराष्ट्र दिनांक 9 दिसंबर( प्रतिनिधि)
महाराष्ट्र में ठाणे जिला निवासी कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्ट्रेन के पहले मरीज को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. नगर निगम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. कल्याण डोम्बिविली नगर निगम क्षेत्र के 33 वर्षीय मरीन इंजीनियर नवंबर के अंतिम सप्ताह में दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचे थे.
दिल्ली हवाई अड्डा पहुंचने पर उनकी आरटी-पीसीआर जांच की गई थी. हालांकि, जब वह मुंबई पहुंचे, तब दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने उनके संक्रमित होने की सूचना दी. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा जीनोम अनुक्रमण के लिए भेजे गए नमूने में वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप की पुष्टि हुई थी.
उक्त शख्स ने इस साल अप्रैल में एक निजी कंपनी के जहाज पर अपनी ड्यूटी ज्वाइन की थी, तभी से वह समुद्री सफर पर था। अधिकारियों ने कहा कि उसने ड्यूटी के दौरान कोविड-19 का टीका नहीं लगवाया था। हालांकि उसने टीका लगवाने के प्रयास किए थे, जो सफल नहीं हुए। कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के आयुक्त डॉ. विजय सूर्यवंशी ने संवाददाताओं को बताया कि मरीज को कल्याण शहर के एक कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां से बुधवार शाम छह बजे उसे छुट्टी दे दी गई।
उन्होंने बताया कि मरीज को इसलिए छुट्टी दे दी गई क्योंकि उसकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मानक प्रोटोकॉल के अनुसार, उसके दो आरटी-पीसीआर परीक्षण किए गए और दोनों नकारात्मक निकले। वह अभी पूरी तरह से ठीक है और कोई लक्षण नहीं हैं। उन्होंने कहा, इसके बावजूद भी उक्त शख्स को अभी सात दिन के होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।






