भारत में 9 हजार से ज्यादा नए कोरोना मरीज,इतनी हुई मौत

0
11

भारत दिनांक 9 दिसंबर ( विशेष प्रतिनिधि)

भारत में कोरोना वायरस के नए मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई है। वैसे तो नए मामले कई दिनों से 10 हजार से नीचे ही बने हुए हैं। देखा जाए तो देश में महामारी को काबू किया गया है, लेकिन नए वेरिएंट ओमिक्रोन के मामले मिलने के बाद एक बार फिर से लोगों में गंभीरता देखी जा सकती है। अभी कुछ राज्यों में ही इस नए वेरिएंट के मामले रिपोर्ट हुए हैं, लेकिन इसको लेकर सावधानी बरतनी चाहिए।

इस बीच भारत में कोविड-19 के ताजा आंकड़े जारी किए गए हैं। गुरुवार को ताजा अपडेट के अनुसार, भारत ने पिछले 24 घंटे की अवधि में 9,419 नए कोरोना वायरस के मामले दर्ज किए। इसके साथ ही देश में COVID-19 मामलों की कुल संख्या 3 करोड़ 46 लाख 66 हजार 241 हो गई है, जबकि एक्टिव केस बढ़कर 94,742 हो गए।

आज सुबह अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, 159 लोगों की कोरोना वायरस से मौत भी हुई है। इसी के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,74,111 हो गई है। 24 घंटों में सक्रिय मामलों में 1,009 केस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा, राष्ट्रीय COVID-19 रिकवरी दर 98.36 प्रतिशत दर्ज की गई है।

नए कोरोना वायरस संक्रमणों में दैनिक वृद्धि पिछले लगभग 13 दिनों से 10,000 से नीचे रही है और लगातार 165 दिनों में 50,000 से कम दैनिक नए मामले सामने आए हैं। दैनिक सकारात्मकता दर 0.73 प्रतिशत दर्ज की गई थी। पिछले 66 दिनों से यह दो फीसदी से भी कम है। साप्ताहिक सकारात्मकता दर भी 0.74 प्रतिशत दर्ज की गई। मंत्रालय के मुताबिक पिछले 25 दिनों से यह एक फीसदी से नीचे है। बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 40 लाख 97 हजार 388 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.37 प्रतिशत हो गई। बीते दिन 8,251 लोग डिस्चार्ज हुए।

राष्ट्रव्यापी COVID-19 टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में कोरोना वायरस के खिलाफ 130.39 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here