नागपुर दिनांक 18 नवंबर (शहर प्रतिनिधि)
महाविकास आघाड़ी की सरकार द्वारा गुंठेवारी का विकास शुल्क बढ़ाने को लेकर शहर भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरुवार को दोपहर 3 बजे एनआईटी का घेराव किया जायेगा.
भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार ने गुंठेवारी शुल्क में 3 गुना वृद्धि करके गरीबों के पेट पर लात मारी है. गरीबों ने अपनी बचत का घर बनाने में लगा दिया. किसी ने 10 रुपये तो किसी ने 50 रुपये प्रति फुट किस्त में प्लाट लिया. सरकार ऐसे जरूरतमंद नागरिकों की मदद के बजाय उनका घर ही नहीं बनाना चाहती. राज्य सरकार ने तो विकास शुल्क 56 रुपये से बढ़ाकर सीधे 168 रुपये कर दिया. भाजपा को ऐसे अन्यायपूर्ण फैसले मंजूर नहीं.
सरकार की आंखें और कान खोलने के लिए एनआईटी के घेराव की तैयारी है. इस दौरान प्रदेश महामंत्री चन्द्रशेखर बावनकुले, शहर अध्यक्ष विधायक प्रवीण दटके, कृष्णा खोपड़े, गिरीश व्यास, मोहन मते, विकास कुंभारे, महापौर दयाशंकर तिवारी, डॉ. उपेन्द्र कोठेकर, सजंय बंगाले, राम अम्बुलकर, बाल्या बोरकर, सुनील मित्रा, प्रकाश भोयर, विक्की कुकरेजा, सजंय अवचट समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहेगी.
धारा 144 का फिर होगा उल्लंघन
अमरावती में हुए सांप्रदायिक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए सिटी पुलिस ने भी एहतियात के तौर पर यहां धारा 144 लगा रखी है. इसमें एक जगह 5 से ज्यादा लोगों का जमावड़ा नहीं किया जा सकता.






